बेरोजगारों को बनाया निशाना, नौकरी दिलाने के नाम पर 30 लाख की ठगी
जबलपुर। केंद्रीय संस्थानों में नौकरी करने का सपना हर एक युवा का होता है. इसी सपने को पूरा करने का झांसा देकर जबलपुर में बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपए की ठगी कर ली गई. ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया जबलपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगों ने ऐसा जाल बिछाया कि उसमें 10 बेरोजगार फंस गए और 30 लाख रुपए गंवा दिए. रांझी थाना क्षेत्र स्थित खमरिया फैक्ट्री में नौकरी लगवाने के नाम पर 3 जालसाजों ने 10 बेरोजगारों को अपने जाल में फंसाया और उनसे करीब 30 लाख रुपए लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिए। नौकरी नहीं मिलने पर युवकों द्वारा रकम वापस मांगने पर उन्हें रकम तो नहीं मिली, उल्टा धमकियां मिलने लगीं. परेशान होकर पीड़ितों ने थाने में शिकायत की. शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पीड़ितों ने दर्ज कराई शिकायत
पुलिस के अनुसार शहपुरा डिंडौरी निवासी ज्ञान सिंह परस्ते ने अपने साथियों के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि उनकी पहचान रांझी निवासी प्रदीप कश्यप, युवराज पटेल और अजीत सोनी से थी।
नौकरी का झांसा देकर वसूली
साल 2022 में तीनों आरोपियों ने उनसे कहा कि आयुध निर्माणी खमरिया में भर्ती निकली है. यदि दस लोग एक साथ आवेदन करते हैं, तो उनकी नौकरी लग जाएगी. इसके एवज में प्रत्येक उम्मीदवार को 3 लाख रुपए देने होंगे।
रिश्तेदारों और परिचितों को भी जोड़ा
आरोपियों की बातों में आकर ज्ञान सिंह ने अपने रिश्तेदार और परिचितों से संपर्क किया, जिनमें शहपुरा डिंडौरी निवासी लखन लाल झारिया, सुरेंद्र सिंह कुलस्ते, बलवीर, ओमप्रकाश मसराम, नारायण सिंह मरावी, पदाली सिंह, प्रकाश कुंजाम, छिंदवाड़ा निवासी अजय भगत और कटनी निवासी पूजा सिंह शामिल हैं. सभी को राजी कर लिया गया और सभी ने नौकरी पाने के लिए 3-3 लाख रुपए दे दिए।
फर्जी नियुक्ति पत्र देकर किया गुमराह
रकम लेने के बाद 2 साल तक उन्हें कोई नौकरी नहीं मिली. जब पीड़ितों ने दबाव डाला, तो तीनों आरोपियों ने सभी 10 उम्मीदवारों को फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिए. नियुक्ति पत्र लेकर जब वे फैक्ट्री पहुंचे, तो पता चला कि नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी हैं. शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

अधिवक्ताओं का गुस्सा फूटा: अधिकारी बदलने की मांग ने पकड़ा तूल
समुद्र में बढ़ती सख्ती: US Navy की इंटरसेप्शन कार्रवाई से तनाव
‘लो पावर नहीं चलेगा!’—ग्रामीणों ने घेरा, 63 KVA ट्रांसफार्मर की मांग
रूस का दावा: यूक्रेन संकट के पीछे पश्चिम की रणनीति
मंत्री ने झाड़ा पल्ला, बोले—कानून करेगा अपना काम
भक्ति में डूबे श्रद्धालु, सोना-चांदी और नोटों से भरा सांवलिया सेठ का दरबार
एडवेंचर लवर्स के लिए खुशखबरी: मंडीप खोल गुफा में एंट्री शुरू
सायरन बजते ही एक्टिव हुई रेस्क्यू टीमें, कई इलाकों में मचा हड़कंप