फोन पर धमकी देकर मोटी रकम की मांग, आरोपी दबोचा गया
जोधपुर| में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देकर रंगदारी वसूलने की कोशिश करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला सरदारपुरा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देशन में हुई जांच के बाद झंवर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी लादू राम उर्फ लादेन को दबोच लिया।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आर्टिफिशियल ज्वेलरी व्यवसायी राजकुमार सिंधी को फोन कर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया। उसने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए मोटी रकम की मांग की। घबराए व्यवसायी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की गई।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी का किसी गैंग से कोई संबंध नहीं है। वह गैंगस्टर के नाम का भय दिखाकर लोगों से उगाही करने की कोशिश करता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि लादू राम नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस को ऐसे कई इनपुट मिले हैं, जिनमें उसने अलग-अलग लोगों को फोन कर रंगदारी मांगने की कोशिश की थी।सूचना मिलते ही झंवर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टेक्निकल सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी में सिपाही नभ सिंह और गोपाल सिंह की अहम भूमिका रही।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम विनीत बंसल स्वयं सरदारपुरा थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान एडीसीपी रोशन मीणा और एसीपी छवि शर्मा भी मौजूद रहे। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसका लॉरेंस बिश्नोई या उसके गैंग से कोई प्रत्यक्ष या परोक्ष संबंध तो नहीं है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बंगाल में कानून-व्यवस्था पर घमासान, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप
विधानसभा-1 के वार्ड 9 से अभियान का शुभारंभ, जनभागीदारी पर जोर
VIT भोपाल में टाइफाइड का प्रकोप, 40 से अधिक छात्र संक्रमित — हॉस्टल व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
भीषण गर्मी के चलते स्कूल टाइम बदला, बच्चों को राहत देने की कोशिश
अमेरिका में सख्ती की तैयारी, विदेशी वर्कर्स पर फोकस